जंगीपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-11 स्थित एक निजी स्कूल के बारजे पर टिका बिजली का टूटा खंभा। सं
जंगीपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 स्थित एक निजी स्कूल के पास पिछले करीब एक माह से बिजली का पोल टूटकर बरामदे पर टिका हुआ है। वहीं, वार्ड नंबर 10 में शामू कुशवाहा के खेत के पास हाईटेंशन तार काफी नीचे झूल रहा है। दोनों स्थानों पर हादसे की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। मनोनीत सभासद राजू चौरसिया और कमलेश कुशवाहा ने बताया कि इसकी जानकारी कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि स्कूल खुलने के बाद प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे वहां से गुजरते हैं। ऐसे में बरामदे पर टिका बिजली का पोल कभी भी गिर सकता है। वहीं, खेत के पास नीचे झूल रहा हाईटेंशन तार भी खतरे का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जल्द पोल बदलने और झूल रहे तार को ठीक कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है। जंगीपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता मिनहाज आलम ने बताया कि मामला संज्ञान में है। टूटे हुए पोल को बदलने के लिए नया पोल उपलब्ध हो गया है, जिसे जल्द स्थापित करा दिया जाएगा। साथ ही वार्ड नंबर 10 में झूल रहे हाईटेंशन तार को भी शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा।