Chandauli News: कंदवा क्षेत्र के अमड़ा गांव में शिव मंदिर के पास लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर बीती रात तेज आवाज के साथ जल गया। इससे करीब 60 घरों की बिजली गुल हो गई है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत विद्युत निगम के अधिकारियों व टोलफ्री नंबर पर कर दी है। ट्रांसफार्मर जलने से भीषण उमसभरी गर्मी में लोगों का हाल बेहाल है। ग्रामीणों ने शीघ्र जले ट्रांसफार्मर को बदले जाने की मांग की है।
अमड़ा गांव में शिव मंदिर के पास लगे 100 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर से साठ से ज्यादा घरों में विद्युत आपूर्ति होती है।बृहस्पतिवार की रात ट्रांसफार्मर अचानक तेज आवाज के साथ जल गया। इससे भीषण उमस में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रांसफार्मर जलने से ग्रामीणों के घरों में लगे विद्युत उपकरण शो पीस बनकर रह गए हैं। लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। गांव के अनिल सिंह, डॉ. समर बहादुर सिंह, अंशुमान सिंह पिंटू, मृत्युंजय चौरसिया, संजय जायसवाल आदि का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने से लोग भीषण उमस व अंधेरे में जीवन यापन के लिए विवश हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अविलंब जले ट्रांसफार्मर को बदलवाने की मांग की है। इस संबंध में अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता इंद्रजीत सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदले जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उम्मीद है शनिवार तक ट्रांसफार्मर लग जाएगा।