नगर में ट्राली ट्रांसफार्मर के सहारे हो रही आपूर्ति। संवाद
लालानगर। गोपीगंज नगर में लगभग एक माह से ट्राॅली ट्रांसफाॅर्मर से बिजली आपूर्ति हो रही है। बिजली निगम के अधिकारी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगा सके। जबकि ट्रांसफाॅर्मर जलने के 24 घंटे के भीतर बदलने का आदेश है। लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन में अगर कहीं अन्य ट्रांसफाॅर्मर जलता है तो आपूर्ति कैसे की जाएगी। औराई ब्लाॅक के पूरेटीका गांव में राजमार्ग के पास एक माह पहले ट्रांसफाॅर्मर जलने के बाद नगर पालिका परिषद ने 400 केवीए के ट्राॅली ट्रांसफाॅर्मर से आपूर्ति चालू कर दी। इससे करीब दो हजार की आबादी को परेशान नहीं होना पड़ा लेकिन एक माह बीतने के बाद भी अब तक ट्रांसफाॅर्मर नहीं लगाया गया। इसी तरह ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के सामने भागवतपुर गांव में रेलवे विभाग को विद्युत आपूर्ति के लिए बिजली निगम ने 25 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाया था। यह आए दिन खराब हो जाता था। डीआरएम रेलवे ने निरीक्षण में उक्त ट्रांसफाॅर्मर को बदलकर 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाने का निर्देश दिया था। इसका प्रस्ताव पास होने के बाद रेलवे ने बिजली निगम को 2.10 लाख रुपये भुगतान भी कर दिया। मगर, यहां भी नगर पालिका के ट्राॅली ट्रांसफाॅर्मर से ही आपूर्ति की जा रही है।