पीडीडीयू नगर में फाेरलेन की जद में निर्माणाधीन नाली के बीच बिजली का पोल। संवाद
पड़ाव से गोधना मोड़ तक करीब 15 किलोमीटर तक सिक्स व फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है। नगर में सर्कस रोड से कैलाशपुरी मोड़ तक सिक्स लेन के बगल में बन रहे सर्विस रोड और नाले के बीच में बिजली के कई खंभे आ गए हैं।
इन खंभों पर 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार दौड़ाया गया है। सर्विस रोड पर आवागमन खोल दिए जाने के बाद खतरा बढ़ गया है। रात के अंधेरे में वाहन सवार खंभों से टकराकर घायल हो सकते हैं। पीडब्ल्यूडी का कहना है कि शीघ्र कार्यदायी संस्था को निर्देशित कर खंभे हटवा दिए जाएंगे। इससे निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
करीब 328.28 करोड़ की लागत से बन रहे सिक्स व फोरलेन का निर्माण लगभग पूरा कर लिया गया है। वहीं लेन के किनारे सर्विस रोड और नाले का निर्माण कई स्थानों पर बाकी है। इसके कारण बिजली के वो खंभे हैं जो निर्माण की जद में आ गए हैं।
शर्तों के अनुसार कार्यदायी संस्था को बिजली के खंभों को हटाना है जबकि निर्माण की जद में आए ट्रांसफार्मरों को हटाने की जिम्मेदारी विद्युत निगम को सौंपी गई है। खंभों व ट्रांसफार्मरों को हटाकर शिफ्ट किए जाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने का जिम्मा जिला प्रशासन व पीडब्ल्यूडी पर है।
जैसे-जैसे जमीन मिलती जा रही है, खंभों व ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट किया जा रहा है। नगर के घने इलाकों में जमीन की तलाश करना चुनौती बना हुआ है। इसी वजह से खंभों को हटाने में समस्या हो रही है।
कई स्थानों पर कार्यदायी संस्था ने खंभों को छोड़कर सर्विस रोड व नाले का निर्माण कर दिया है। अब ये खंभे सर्विस रोड के बीच में आ गए हैं। रात के अंधेरे में इन खंभों से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
कार्यदायी संस्था को खंभे हटाने के लिए जमीन उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही खंभों को एक-दो दिन में हटाने का निर्देश दिया गया है। शीघ्र निर्माण की जद में आ रहे सभी खंभे हटा दिए जाएंगे।
-राजेश कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड, चंदौली।