इलिया के बरहुआ में दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो। स्रोत:-जागरूक पाठक
इलिया। चकिया-इलिया मार्ग पर बरहुआ गांव के पास रविवार को ऑटो रिक्शा और इनोवा कार में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार मुन्नी देवी (65) की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि जामवंत (70) और गौरव (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों बिहार के कैमूर जिले में स्थित हरसू ब्रह्म बाबा के दर्शन के लिए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के मुजडीह गांव निवासी दामोदर मिश्र परिवार के साथ ऑटो रिक्शा से बिहार के कैमूर जिले में स्थित हरसू ब्रह्म बाबा के दर्शन करने जा रहे थे। बरहुआ गांव के पास सामने से आ रही इनोवा कार से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
वहां उपचार के दौरान मुन्नी देवी ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल जामवंत और गौरव का इलाज चल रहा है।
वृद्धा की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ऑटो रिक्शा और इनोवा कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।