शिकारगंज के उचेहरा गांव में नहर में पलटा ट्रक। स्रोत:-जागरूक पाठक
- फोटो : Archive
शिकारगंज। चकिया कोतवाली क्षेत्र के अहरौरा मार्ग पर ऊंचेहरा गांव में बुधवार शाम तेज रफ्तार ट्रेलर घर के बाहर बैठे बुजुर्ग को कुचलते हुए सड़क किनारे माइनर में पलट गया। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। वह ट्रेलर में फंसकर उसके साथ माइनर में चला गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने ट्रेलर चालक और खलासी को हिरासत में ले लिया है।
ऊंचेहरा गांव निवासी बाढ़ू चौहान (70) का मकान सड़क किनारे है। उन्होंने हाल ही में आंखों में मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराया था। बुधवार शाम करीब पांच बजे वह घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान चकिया की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और बाढ़ू को कुचलते हुए लठिया माइनर में पलट गया। हादसे में बाढ़ू ट्रेलर में फंस गए।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
इसके बाद क्रेन मंगवाकर ट्रेलर हटाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेलर हटाकर बाढ़ू का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेलर चालक और खलासी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।