फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भैंस चोरी करते समय आठ गिरफ्तार: पिकअप में लादते ही पहुंची पुलिस, बिहार में अच्छे दामों पर बेचते थे; पूछताछ

Wed, 09 Sep 2026 07:30 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, चंदाैली।

सार

अलीनगर के रेवसा रेलवे ब्रिज के नीचे पुलिस ने भैंस चोरी करते समय आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी चोरी की भैंस को पिकअप में लाद रहे थे, तभी पुलिस पहुंच गई। मौके से छह मोबाइल और भैंस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अलीनगर समेत छह थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं कबूल कीं।
विज्ञापन
अलीनगर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को रेवसा स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे उस समय पकड़ा, जब वे चोरी की भैंस को पिकअप में लाद रहे थे। 

विज्ञापन




आरोपियों के पास से चोरी की एक भैंस, पिकअप वाहन, 23,700 रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने जिले के अलीनगर, सकलडीहा, चंदौली, सैयदराजा, चकिया और इलिया थाना क्षेत्रों में भैंस चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
विज्ञापन


सीओ अरूण कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से जिले में भैंस चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। घटनाओं के खुलासे के लिए थाना स्तर की पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच में भैंस चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी मिली। 

गिरोह के सदस्य दिन और रात गांवों में घूमकर मवेशियों की रेकी करते थे और मौका देखकर भैंसों को चोरी कर पिकअप से बिहार ले जाकर बेच देते थे। मंगलवार को अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि कुछ भैंस चोर रेवसा रेलवे ब्रिज के नीचे चोरी की भैंस को पिकअप में लाद रहे हैं। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। 

पुलिस को देखकर आरोपियों ने पिकअप चालक से वाहन चढ़ा देने के लिए कहा। इसके बाद चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की नीयत से पिकअप दौड़ा दी। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह पीछे हटकर अपनी जान बचाई। अनियंत्रित पिकअप ब्रिज के पिलर से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने चालक समेत भैंस लाद रहे सभी आठ आरोपियों को पकड़ लिया।
विज्ञापन

गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के सांगली निवासी जुबेर मुबारक शेख, चंदौली के सकलडीहा निवासी विजय चौहान उर्फ रिंकू, वाराणसी के सलालपुर निवासी आनंद मौर्य, बिहार के कैमूर निवासी ओम प्रकाश नट, चंदौली के फगुइया निवासी सटरु हुसैन, कैमूर निवासी नितेश कुमार, बक्सर निवासी अखिलेश नट और कैमूर निवासी विनोद नट शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद भैंस को उन्होंने अपने अन्य साथियों बन्नी, गुड्डु और साहेब के साथ मिलकर पास के गांव से चोरी किया था। चोरी के मवेशियों को सुनसान और अंधेरी जगहों से उठाकर पिकअप के जरिए बिहार ले जाया जाता था। वहां उन्हें औने-पौने दामों में बेच दिया जाता था।

बताया कि आरोपी विजय चौहान उर्फ रिंकू ने चकिया के भटपुरवा गांव से जून में दो भैंस और जुलाई में लठिया गांव से दो भैंस व एक पड़िया चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा इलिया थाना क्षेत्र से मई में एक भैंस और जुलाई में अलग-अलग स्थानों से दो भैंस व एक पड़िया चोरी करने की बात भी उसने कबूली है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें