नौगढ़। थाना क्षेत्र के कस्बा नौगढ़ में रहने वाले एक शराबी युवक ने खुद को आग लगाकर जलाने का मामला सामने आया है। युवक नशे में धुत होकर मंगलवार को सुबह घर पहुंचा और खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया। इस बात से अनजान पत्नी ने माचिस मांगने पर उसे दे दिया। माचिस मिलते ही उसने आग जलाई और देखते ही देखते युवक जलने लगा।
नौगढ़ थाना क्षेत्र के बाघी गांव का है। मंगलवार को सुबह विकलेश उर्फ विक्की (28) पुत्र भाई लाल, निवासी बाघी सुबह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। उसने खुद पर कब पेट्रोल डाल लिया, घर वालों को यह पता ही नहीं चला। आए दिन घर मे विवाद करने वाले पति ने पत्नी से माचिस मांगी तो उसने दे दी। माचिस मिलते ही उसने शरीर को आग के हवाले कर दिया। चीख सुनकर घर वालों ने आग बुझाई और उसे लेकर सीएचसी नौगढ़ पहुंचे, जहां डॉ मृत्युंजय सिंह ने दवा उपचार के दौरान हालत चिंताजनक होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष राजेश सरोज ने बताया कि विक्की की आत्महत्या का प्रयास करने की मूल वजह को लेकर जांच की जा रही है। वहीं, विक्की से की गई बातों से वह मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहा था।