सकलडीहा। कस्बा सहित आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों में छह दिन से बाधित पेयजल आपूर्ति सोमवार को बहाल हो गई। जल निगम के अधिकारियों ने खराब ट्रांसफार्मर, मोटर और स्टार्टर की मरम्मत कराकर आपूर्ति शुरू करा दी। इससे लोगों को राहत मिली है।
कस्बे के टिमिलिपुर स्थित जल निगम की तीन लाख लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी से सकलडीहा, नागेपुर, टिमिलपुर, तेंदुई, ताजपुर, ईटवा, सिरोहुपुर और बलारपुर सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों में पेयजल आपूर्ति की जाती है। पिछले दिनों बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से जल निगम का ट्रांसफॉर्मर जल गया था। दो दिन पूर्व ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद मोटर और स्टार्टर में खराबी आ गई। इससे छह दिन तक आपूर्ति बाधित रही।
जलनिगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता विवेक कुमार ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर लगाने के बाद मोटर और स्टार्टर में खराबी आ गई थी। उसे ठीक कराकर पेयजल आपूर्ति शुरू करा दी गई है।