पीडीडीयू नगर। भीषण गर्मी के बीच जिले के विभिन्न इलाकों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। कहीं नदी और तालाब सूख गए हैं तो कहीं हैंडपंपों ने पानी देना बंद कर दिया है। इससे लोगों को पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। पठारी इलाके में लंबे समय से इस समस्या का निदान नहीं हो पाया है। दुलहीपुर क्षेत्र के करवत गांव के गोदाम वाली 400 परिवारों कि बस्ती में पेयजल किल्लत से लोग परेशान हैं। गांव में स्थित एक हैंडपंप से पानी भरने के लिए सुबह से लोगों की कतार लग जाती है। महज एक-दो बाल्टी पानी के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। वहीं, नौगढ़ के झुमरिया गांव में दो साल से हैंडपंप खराब है। इससे नाराज ग्रामीणों ने रविवार को हैंडपंप के पास खड़े होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।