पीडीडीयू नगर। भीषण गर्मी और उमस के बीच अंधाधुंध बिजली कटौती ने लोगों का चैन छीन लिया है। वहीं, फॉल्ट बढ़ने से समस्या ज्यादा गंभीर हो गई है। तेज धूप और लू की वजह से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है तो बिजली कटौती से घरों में लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। पूरी रात लोग जगकर बिताने को मजबूर हैं। रोज आठ से दस घंटे तक कटौती हो रही है। शहरी क्षेत्र में 24 और ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे बिजली देने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। गर्मी बढ़ते ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। लोड बढ़ने से बेतरतीब कटौती हो रही है तो तार टूटने और ट्रांसफाॅर्मर जलने से जगह-जगह आपूर्ति ठप हो रही है। बिजली की आंख मिचौनी से चंदासी उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ता बेहाल हैं। दिन और रात में बार-बार बिजली कटौती होती है है। ग्रामीण क्षत्रों का हाल तो इससे भी ज्यादा खराब है। ट्रांसफार्मर जल रहे हैं और उन्हें बदलने में चार दिन से एक सप्ताह तक का समय लग रहा है। ऐसे में लोगों में विद्युत निगम के प्रति रोष बढ़ रहा है।