पीडीडीयू नगर। एक नर्स के विदाई समारोह में डांस करने के वायरल वीडियो की जांच के बाद सीएमओ डॉॅ. वाईके राय ने पीएचसी सदर के प्रभारी डॉ. प्रेम प्रकाश उपाध्याय काे प्रभारी पद से हटा दिया है। उनकी जगह सीएमओ ने डॉ. हीरालाल को प्रभारी बनाया है।
बीते 9 जुलाई को सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक नर्स की विदाई समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें केंद्र प्रभारी डॉ. प्रेम प्रकाश उपाध्याय ने जमकर डांस किया। उन्होंने सर्विस नियमावली को दरकिनार करते हुए कमर में दुपट्टा बांधकर भोजपुरी के अश्लील गाने पर डांस किया। इसका वीडियो वायरल होने पर 10 जुलाई के अंक में ‘पीएचसी प्रभारी ने कमर में दुपट्टा बांधकर भोजपुरी गाने पर लगाए ठुमके’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। इस पर सीएमओ ने जांच कमेटी बैठाई थी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मंगलवार को डॉ. उपाध्याय को पीएचसी प्रभारी पद से हटाकर उनकी जगह हीरालाल को प्रभारी बना दिया। सीएमओ डाॅ. वाईके राय ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान में लेते हुए पीएचसी प्रभारी को पद से हटा दिया गया है। यह घटना विभाग की गरिमा और सार्वजनिक पद पर आचरण की मर्यादा पर सवाल खड़े करती है।