चंदौली।पंचायत चुनाव में टिकट के लिए दावेदार और उनके संबंधि प्रमुख पार्टियों के जिलाध्यक्षों के मान-मनौव्वल में जुटे हैं। ऐसा ही एक नजारा सपा कार्यालय पर देखा गया जहां टिकट के लिए एक प्रधान पद के दावेदार का पुत्र सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर के पैरों पर गिर पड़ा और कहा कि हमने और हमारी मां ने पार्टी को लेकर पूरे मनोयोग और मेहनत घर-घर जाकर लोगों से वोट मांगे हैं। हमे टिकट जरूर दिया जाए। जिलाध्यक्ष ने उन्हें रिजल्ट आने का इंतजार करने को कहा।
नियामताबाद ब्लॉक के भोजपुर-रतनपुर गांव के ग्राम प्रधान के महिला दावेदार और उनके पुत्र लगातार सपा की ओर से लोगों से वोट मांगने में जुटे हैं। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि पार्टी की ओर से यहां किसी और को प्रत्याशी घोषित किया जाएगा। इसकी सूचना के बाद प्रधान पद की दावेदार और उनके पुत्र के साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण चंदौली स्थित सपा के कार्यालय पर पहुंचे। कार्यालय में ताला बंद था। फोन करने के कुछ देर बार सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर जैसे ही कार्यालय पर आए दावेदार के पुत्र ने उनका पैर पकड़ लिया और टिकट के लिए गुहार लगाने लगा। दावेदार के पुत्र का कहना था कि हमने और हमारी मां ने पार्टी के लिए काफी मेहनत किया है। और महीनों से नहीं एक वर्ष से लोगों से मिल रहे हैं। हमारी जगह किसी और को प्रत्याशी न बनाया जाए।जिलाध्यक्ष ने उन्हें पार्टी के आदेश आने तक रूकने का आश्वासन दिया।