चंदौली/सकलडीहा/नियामताबाद/चकिया। संपूर्ण समाधान दिवस पर सदर तहसील में एक दिव्यांग फरियाद जमीन पर बैठकर डीएम निखिल टीकाराम फुुंडे ने सुनी और उसके घर जाकर समस्या का समाधान करने का आदेश दिया। इस दौरान 131 शिकायते आईं जिनमें 14 का मौके पर समाधान किया गया।
सदर तहसील में सुनवाई के दौरान बरहनी ब्लाक के भोठारी के रहने वाले दिव्यांग अशोक कुमार पहुंचे। वे लकवा ग्रस्त हैं और बैठ व चल नहीं पाते। उनकी हालत देखकर जिलाधिकारी उनके पास पहुंचे और जमीन पर बैठकर उनकी समस्या सुनी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अशोक के घर जाकर इलाज करने और आयुष्मान आदि योजनाओं लाभ दिलाने के लिए कहा। सदर तहसील में डीएम के सामने 60 शिकायतें आईं, जिनमें से आठ का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा जिन शिकायतों का निस्तारण नहीं हो सका है उनको अधिकारी मौके पर जाकर एक सप्ताह में निस्तारित करें। नगर पंचायत चंदौली के संजय नगर वार्ड में नाली के निर्माण की मांग लोगों ने की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत को नाली का निर्माण कराने के लिए कहा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अभियान चलाकर निराश्रित पशुओं को गो-आश्रय स्थलों में भेजने को कहा। चेतावनी दी कि पशु सड़कों पर घूमते हुए पाए गए तो कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक डा.अनिल कुमार के अलावा सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
सकलडीहा में एसडीएम मनोज कुमार पाठक ने सुनवाई की। यहां 40 फरियादी आए, जिनमें चार की शिकायतों का समाधान किया गया। सीओ राजेश कुमार राय, सीडीपीओ अवधेश सिंह पंडित, बीईओ अवधेश राय मौजूद रहे।
पीडीडीयू नगर में एसडीएम अविनाश कुमार ने सुनवाई की। चंदरखा गांव के सहती पाल ने घर के बाहर खड़ी साइकिल चोरी की शिकायत की। एसडीएम ने नई साइकिल देने को कहा। एक घंटे के अंदर पीडीडीयू नगर बाजार से नई साइकिल खरीद कर सहती को दी गई। चकिया तहसील सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. एस के श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सुनवाई की गई। यहां 31 प्रार्थना पत्र आए जिनका निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।