उत्तर प्रदेश के चंदौली में जिलाधिकारी संजीव सिंह ने शुक्रवार सुबह सीएमओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम को कई कर्मचारी कार्यालय में अनुपस्थित मिले। उन्होंने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, साथ ही एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है।
निरीक्षण में सीएमओ सहित 22 नियमित कर्मियों में 16 और 32 संविदा कर्मियों में 19 कर्मी अनुपस्थित पाए गए। यानी कुल 54 कर्मियों में 35 गायब रहे। जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारी को सभी एसीएमओ और डिप्टी सीएमओ की भ्रमण पंजिका रखने का निर्देश दिया है। सभी अधिकारी और कार्मिक भ्रमण पंजिका में प्रविष्टि के बाद ही मुख्यालय से शासकीय कार्य के लिए जाएंगे।
कार्यालय से गैरहाजिर कर्मचारियों के रवैये पर जिलाधिकारी ने फटकार लगाते हुए सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी चिकित्साकर्मी एवं सहायक स्टाफ गंभीरता से अपनी ड्यूटी करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।