पड़ाव के बहादुरपुर मार्ग पर फंसे डीएम चंद्रमोहन गर्ग व एसपी आकाश पटेल। संवाद
- फोटो : 1
पड़ाव। वाराणसी में होने वाले एयर शो को लेकर चंदौली जिला प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है। व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और लोगों को परेशानी से बचाने के लिए जलीलपुर पंचायत भवन और बहादुरपुर में चौकियां स्थापित की गई हैं। शुक्रवार को दोपहर करीब 2:30 बजे डीएम और एसपी तैयारियों का जायजा लेने पड़ाव चौराहे पहुंचे। यहां से दोनों अधिकारी बाइक से क्षेत्र के भ्रमण पर निकले, लेकिन बहादुरपुर रोड पर उन्हें भी जाम का सामना करना पड़ा।
डीएम और एसपी बाइक से बहादुरपुर रोड होते हुए शक्तिघाट, बहादुरपुर और अनिल राम आश्रम क्षेत्र की ओर गए। इस दौरान घाट किनारे चल रहे कार्यों और एयर शो से संबंधित तैयारियों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सभी कार्य समय से पूरे करने और आवागमन सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि सभी कार्य समय से पूरे हों और एयर शो देखने आने वाले लोगों को परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान पड़ाव से बहादुरपुर जाने वाले मार्ग पर सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की कतार लगी थी। इससे डीएम और एसपी की बाइक भी जाम में फंस गई। इसके बाद साथ चल रहे पुलिस और यातायातकर्मियों ने मोर्चा संभाला। वाहनों को व्यवस्थित कर रास्ता खाली कराया गया, तब अधिकारियों की बाइक आगे बढ़ सकी। निरीक्षण के दौरान सामने आई इस स्थिति ने एयर शो के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने की चुनौती भी उजागर कर दी।