महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में डीएलएड की परीक्षा का निरीक्षण करते केंद्र व्यवस्थापक डा. रामचंद
- फोटो : CHANDAULI
चंदौली। महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में डीएलएड (बीटीसी) की सेमेस्टर परीक्षा में शुक्रवार को पंजीकृत 608 अभ्यर्थियों में केवल 582 ने परीक्षा दी। जबकि कड़ाई के चलते 26 ने परीक्षा छोड़ दी। इस दौरान कक्ष निरीक्षकों को कोविड के मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। डीएलएड व बीटीसी की सेमेस्टर परीक्षा के लिए जिले में मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज, जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज, सकलडीहा इंटर कालेज, नेशनल इंटर कालेज सैयदराजा, सकलडीहा इंटर कालेज समेत छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 3035 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक पर्यवेक्षक को नियुक्त किया गया है। डायट की पर्यवेक्षक डा. माया सिंह और केंद्र व्यवस्थापक डा. रामचंद्र शुक्ल ने परीक्षा कक्ष का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों पर कोरोना के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। केंद्रों में अभ्यर्थियों को एक मीटर की दूरी पर बैठाया जा रहा है। वहीं नियमित सैनिटाइजेशन व सफाई कराई जा रही है। केंद्र व्यवस्थापक डा. रामचंद्र शुक्ल ने बताया कि नकलविहीन परीक्षा कराने के साथ ही कोरोना को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अभ्यर्थियों की थर्मल स्कैनिंग और सेनिटाइज कराने के बाद उन्हे कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है।