केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) का रिजल्ट सोमवार की दोपहर 12
बजे जैसे ही इंटरनेट पर आया, परीक्षार्थियों में अपना परीक्षाफल जानने की
होड़ सी मच गई।
इस दौरान भारी संख्या में परीक्षार्थी साइबर कैफे
पर डटे रहे। वहीं परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के उद्देश्य से सुबह से
ही मंदिरों में परीक्षार्थियों का आगमन होता रहा। इस बार जनपद का औसत
परीक्षा परिणाम 92 प्रतिशत रहा।
सीबीएसई परीक्षा में नगर सहित जनपद के
सभी विद्यालयों के परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम अच्छा रहा है। नगर
स्थित केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों का परीक्षाफल 94 प्रतिशत रहा।
इसी तरह सनबीम दुलहीपुर की हर्षिता ने 95.8 प्रतिशत, एसजी पब्लिक स्कूल के
यश अग्रवाल ने 95.4 प्रतिशत व रविजीत सिंह ने 95.2 प्रतिशत अंक हासिल कर
जिले में क्रमश: पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया है। जबकि जनपद के
सनबीम स्कूल दुलहीपुर, एसजी पब्लिक स्कूल, बबुरी स्थित यूनिवर्सल पब्लिक
स्कूल, महर्षि अरविंद शिक्षण संस्थान कमती कला के सीबीएसई के
परिक्षार्थियों का परीक्षाफल शत प्रतिशत बताया जा रहा है।
परिणाम आने के
बाद छात्रों ने माता-पिता सहित गुरुजनों के पैर छूकर आशीर्वाद लिए और
परिवारवालों ने मिठाई खिलाकर छात्रों के साथ खुशियां बांटी। छात्रों ने
भविष्य में इंजीनियर व डाक्टर तो किसी ने वैज्ञानिक बनने की चाहत जाहिर की।
वहीं सभी शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों ने छात्रों के
उज्ज्वल भविष्य की कामना करेत हुए उन्हें बधाई दी है।