चंदौली। महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में रविवार को भारत स्काउट और गाइड की जनपदीय रैली का समापन हुआ। इस मौके पर प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। इसमें जिला पंचायत बालिका इंटर काॅलेज ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया।
इस दौरान सीडीओ एसएन श्रीवास्तव ने कहा कि स्काउट गाइड का प्रशिक्षण विषम परिस्थिति से निपटने में सक्षम बनाता है। साथ ही छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास में सहायक होता है। इस दौरान तीन दिवसीय प्रतियोगिताओं का परिणाम जारी किया गया। नगर जूनियर गाइड में जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज चंदौली प्रथम, आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज चकिया द्वितीय और नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा को तीसरा स्थान मिला। नगर सीनियर गाइड में जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज चंदौली अव्वल रहा। सीनियर तहसील स्काउट और गाइड में सदलपुरा प्रथम, जूनियर में सकलडीहा प्रथम रहा। परिषदीय विद्यालय में कंपोजिट विद्यालय डेढ़ावल प्रथम, कब बुलबुल में प्राथमिक विद्यालय धरौली पहले स्थान पर रहा।
माध्यमिक में जिला पंचायत बालिका इंटर काॅलेज चैंपियन बना। वहीं, सकलडीहा इंटर काॅलेज उपविजेता रहा। समारोह की अध्यक्षता जिला कमिश्नर डॉ रामचंद्र शुक्ल ने की। इस मौके पर प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह, सत्यमूर्ति ओझा, सैय्यद अली अंसारी, अंजू कुमारी, जय प्रकाश रावत, रजनीश, अनिल सिंह भानु प्रताप सिंह उपस्थित रहे। संचालन वीरेंद्र कुमार सिंह और सैय्यद अली अंसारी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रमोद कुमार सिंह ने किया।