चंदौली। जिले को सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस अवार्ड मिला है। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा चंदौली के जिलाधिकारी संजीव सिंह को सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिले में कौशल विकास के क्षेत्र में अभिनव प्रयोगों के लिए मिला है।
आकांक्षी जनपद चंदौली को जिला कौशल विकास योजना पुरस्कार 2020-21 के अंतर्गत सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार समारोह 09 जून को नई दिल्ली स्थित डा. अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित हुआ, जिसमें सचिव कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार राजेश अग्रवाल ने जिलाधिकारी संजीव सिंह को डीएसडीपी पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार जनपद को श्रेष्ठ जिला कौशल विकास योजना 2020-21 बनाने के लिए प्रदान किया गया है। देशभर से आये प्रस्तावों में से जनपद चंदौली से जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा 15 मिनट का एक प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया था जिसमें कृषि, ओडीओपी, हेन्डीक्राफ्टस आदि ट्रेड से संबंधित बिन्दुओं पर चर्चा की गयी थी। जिसमें खरा उतरने के बाद जनपद चंदौली को पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।