सकलडीहा। विकासखंड के चतुर्भुजपुर कस्बा में गंदा नाला की साफ-सफाई नहीं होने पर सड़क पर बरसात का पानी बह रहा है। इससे नाराज ग्रामीणों व कस्बावासियों ने बृहस्पतिवार को बरसात के बाद सड़क पर भरे पानी में खड़ा होकर प्रदर्शन किया। नाराज ग्रामीणों ने पंचायत विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जिला प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की।
कस्बावासियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से कस्बा की सड़कों पर गंदे नाले का पानी बह रहा है। शिकायत के बाद बीडीओ ने पंचायत विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को नाले की सफाई कराने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके कर्मचारी खानापूर्ति करते रहे। बृहस्पतिवार को थोड़ी सी बारिश के बाद पूरे कस्बे में जलभराव की स्थिति होने पर ग्रामीण और दुकानदार भड़क गए। नाराज ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। चेताया कि शीघ्र गंदे नाले की सफाई और कूड़ा करकट का लगा अंबार नहीं हटाया गया तो व्यापारी व ग्रामीण आंदोलन करने पर विवश होंगे। प्रदर्शन करने वालों में चंद्रबली जायसवाल, अमित, मनोज, गुड्डू, विजेंद्र गुप्ता, राजगिरी, धर्मेंद्र कुमार, काशीनाथ गुप्ता आदि शामिल रहे।