धीना थाने में वर-वधू को आशीर्वाद देते एसडीएम प्रदीप कुमार व सीओ जगत कन्नौजिया।
- फोटो : CHANDAULI
धीना। स्थानीय थाना परिसर में बने शिवमंदिर परिसर में सोमवार को एसडीएम व पुलिस विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में एक युगल विवाह के बंधन में बंध गया। विवाह के बाद मौके पर मौजूद रिश्तेदारों और प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। इस दौरान लॉकडाउन के नियमों का पूरी तरह पालन किया गया।
गाजीपुर जिला के जमानिया तहसील के हेतमपुर गांव निवासी भोला सिंह की शादी जनपद के नरैना, सकलडीहा की रहने वाली चांदनी के साथ तय हुई थी। विवाह का मुहूर्त चार मई को निर्धारित था लेकिन लॉकडाउन के कारण शादी टालने की स्थिति बन गई। इसकी जानकारी मानवाधिकार के जिला प्रभारी अमित सिंह को हुई तो उन्होंने एसडीएम सहित थाना प्रभारी से वार्ता कर शादी करवाने का आग्रह किया। उनकी बातें सुनने के बाद एसडीएम ने लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए शादी कराने की अनुमति प्रदान कर दी। साथ ही स्वयं भी शादी में उपस्थित रहने की बात कही। इसके बाद सोमवार को थाना परिसर में ही सोशल डिस्टेंसिंग के बीच शादी संपन्न करा दी गई। शादी में मामा की भूमिका कांस्टेबल सुनील मौर्या व ज्येष्ठ की भूमिका अमित सिंह ने निभाई। इस मौके पर एसडीएम सकलडीहा प्रदीप कुमार, सीओ सकलडीहा जगत कन्नौजिया, थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित सहित चौकी प्रभारी कमालपुर कपिलदेव यादव, चौकी प्रभारी महुंजी विवेक त्रिपाठी, अमित सिंह, बिजेंद्र सिंह, अमित यादव, संतोष यादव, विजय बहादुर सिंह आदि मौजूद थे।