पीडीडीयू नगर। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को माता के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
देवी मंदिरों में महिलाओं ने मां की आरती उतारी और देवी गीतों के माध्यम से आराधना की। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दिनभर माता के जयकारे गूंजते रहे।
नगर के सुभाष पार्क के समीप स्थित प्राचीन मां काली मंदिर, जीटी रोड स्थित दुर्गा मंदिर, शीतला माता मंदिर, रविनगर, नई बस्ती, कैलाशपुरी, शाहकुटी, कैथापुर, परशुरामपुर, अमोघपुर, गल्ला मंडी और एलबीएस कटरा स्थित संकट हरण दरबार सहित अन्य मंदिरों में भक्तों ने दर्शन-पूजन किया। रेलवे की आरपीएफ कॉलोनी स्थित काली मंदिर, गया कॉलोनी, प्लांट डिपो, डीजल कॉलोनी, लोको कॉलोनी और यूरोपियन कॉलोनी के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने मां कूष्मांडा की आराधना की।
वहीं, नगर के लाठ नंबर दो और लाठ नंबर एक में स्थापित छोटी प्रतिमाओं और पूजा पंडालों में कलश पूजन किया गया।
पंडालों को अंतिम रूप देने का काम भी जारी रहा। प्रतिमा स्थापित करने वाले पंडालों में मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, गणेश और कार्तिकेय की पूजा-अर्चना की गई।