माधोपुर में कथा सुनने को पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : 1
कमालपुर। कस्बा क्षेत्र के माधोपुर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में शनिवार को कथा वाचिका सुश्री गौरांगी गौरी ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं संसार को सकारात्मकता, प्रेम और आनंद का संदेश देती हैं। उनकी लीलाओं में समानता और लोककल्याण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
कथा के दौरान उन्होंने माता यशोदा और बालकृष्ण के वात्सल्य प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि जब माता यशोदा लल्ला को पुकारती थीं तो भगवान ठुमक-ठुमककर उनके पास चले आते थे। भगवान की बाल लीलाओं के दर्शन के लिए स्वयं महादेव सहित देवी-देवता भी पहुंचे थे। उन्होंने एक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि माता यशोदा ने महादेव से कहा कि उनके आने पर लल्ला रोने लगते हैं। इस पर महादेव ने घर में शिवलिंग स्थापित करने की बात कही। इसी प्रसंग से नंदेश्वर महादेव की मान्यता जुड़ी है। कथा के अगले प्रसंग में उन्होंने भगवान वामन के तीन पग भूमि दान की कथा सुनाई।
कृष्ण जन्मोत्सव पर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ भजन गूंजते ही श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। इस मौके पर जितेंद्र सिंह, शिवाजी बागले, राजीव यादव, राकेश यादव, धीरज तिवारी, अशोक पाल, जनार्दन पाल और लालमुनि पाल आदि मौजूद रहे।