महाशिवरात्रि पर मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही भगवान शिव का दर्शन व
जलाभिषेक करने नगर सहित पूरे जनपद में स्थित देवालयों मेें आस्थावान आते
रहे।
मंदिरों में कहीं कतारें दिखीं तो कहीं पर रुक रुक श्रद्धालु
दर्शन करने आते रहे। घंटे-घड़ियाल के साथ लोगों के ‘हर-हर महादेव’ के
जयकारे से समूचा जनपद मानो शिवमय हो गया।
इसी क्रम में नगर स्थित सुभाष
पार्क, लाल बहादुर शास्त्री कटरा, कैलाशपुरी, सर्कुलेटिंग एरिया, सेंट्रल
कालोनी, मानसनगर, आरपीएफ कालोनी स्थित शिवालयों पर जलाभिषेक के लिए भक्तोें
का तांता लगा रहा।
कंदवा संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के असना, कंजेहरा,
तलाशपुर, जलालपुर, ककरैत, अरंगी, धनाईतपुर, मुड्डा, रामपुर, लक्ष्मणपुर,
बरहनी, भदखरी, घोसवां, अमड़ा, कंदवा, कम्हरियां, कोरमी, पई, रेवसां,
कपसियां आदि गांवों में स्थित शिवालयों में भक्तों ने भगवान शिव को जल
चढ़ाने के साथ ही पूजन-अर्चन किया।
कई मंदिरों में लोगों ने महा मृत्युंजय
जाप और रुद्राभिषेक भी कराया। धीना संवाददाता के अनुसार डिग्घी, भैसउर,
सिकटा, पिपरदहां, पिपरी आदि गांवों में स्थित मंदिरों में लोगों ने
जलाभिषेक किया।
नियामताबाद संवाददाता के अनुसार गांव सहित सरने, गुवास,
रेमा, भटरियां, चंदाइत बुधवार, बौरी, बिलारीडीह आदि गांवों में स्थित
मंदिरों पर श्रद्धालु नर-नारियों ने बाबा की पूजा अर्चना की। शिकारगंज
संवाददाता के अनुसार हेतिमपुर गांव स्थित बाबा जागेश्वरनाथ धाम पर भक्तों
ने जलाभिषेक किया।
कतारबद्ध कावंरियों ने मंदिर का पट खुलते ही ‘हर-हर
महादेव’ के उद्घोष के साथ ही पूजन अर्चन किया। वहीं दूसरी तरफ पुलिस-पीएसी
के जवानों की कड़ी सुरक्षा के बीच भक्तों ने बाबा जागेश्वरनाथ का दर्शन
पूजन किया। उपजिलाधिकारी रामशंकर द्विवेदी व क्षेत्राधिकारी राधेश्याम कोल
ने बताया कि भक्तों की सुरक्षा के लिए पुलिस, पीएसी व महिला कांस्टेबल की
ड्यूटी लगायी गयी थी।
चकिया संवाददाता के अनुसार नगर सहित आसपास के गांवों
में स्थित देवालयों में काफी भीड़ रही।
सैयदराजा नगर के भीम बाबा
मंदिर, उत्तर बाजार के शिवमंदिर, भतीजा रोड शिवमंदिर सहित क्षेत्र के अन्य
गांवों के शिवमंदिरों में दर्शन पूजन कर जलाभिषेक किया गया।
पड़ाव
संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के साहूपुरी के वेद व्यास मंदिर पर भक्तों का
तांता सुबह से ही लगा रहा जो देर शाम तक चला। इसी कड़ी में जलीलपुर गांव
स्थित शिवमंदिर पर भी श्रद्धालु पहुंचे। चहनियां क्षेत्र के बैराठ स्थित
गौरीशंकर महादेव मंदिर पर हजारों भक्तों ने कतारबद्ध होकर दर्शन पूजन
किया। नौगढ़ के मंदिरों में दूध, बेलपत्र चढ़ाने लोग पहुंचे। इस अवसर पर
भक्तों ने मदिर परिसर में ही भजन कीर्तन का भी आयोजन किया था।