चकिया। नगर पंचायत क्षेत्र में सर्वांगीण विकास के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 27 करोड़ 14 लाख 93 हजार 565 रुपये खर्च किए जाएंगे। इस बजट पर नगर पंचायत की बैठक में बृहस्पतिवार को सभासदों ने मुहर लगा दी।
चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि नगर की बढ़ती आबादी को देखते हुए लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वार्ड सभासदों की मौजूदगी में वित्तीय वर्ष 2025-26 में 27 करोड़ 14 लाख 93 हजार 565 रुपये से विकास कार्य कराने का खाका तैयार किया गया है। इसके तहत 27 करोड़ 13 लाख 75 हजार रुपये विकास के कार्यों पर लिए खर्च किए जाएंगे। इस बार एक लाख 18 हजार 565 रुपये लाभ का बजट होने का अनुमान लगाया गया है। विभिन्न बिंदुओं पर सभासद केसरी नंदन, अमरदीप मोदनवाल, मीना विश्वकर्मा, ज्योति गुप्ता, सुनीता सोनकर, राधा मोदनवाल, शाहिन बेगम आदि ने विकास कार्यों की जानकारी हासिल कर सर्वांगीण विकास के लिए बजट पर मुहर लगा दी। बैठक में नगर पंचायत की आय बढ़ाने के लिए जल मूल्य, सामुदायिक भवन शुल्क, दुकान किराया, रिक्शा लाइसेंस शुल्क, भवन निर्माण शुल्क, पार्किंग शुल्क, गृह कर से होने वाली आय समेत अन्य बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सभासदों ने कान्हा गौशाला और अंत्येष्टि स्थल के निर्माण की धनराशि शासन से प्राप्त होने के बाद भी जमीन नहीं मिलने के कारण निर्माण शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाया और जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। इस दौरान सभासद बादल सोनकर, उमेश कुमार चौहान, रवि गुप्ता, कमलेश यादव, विजय वर्मा आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव और संचालन अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने किया।