परिवार वालों को ढांढस बंधाते लोग।
दानापुर मुगलसराय रेलखंड पर शुक्रवार की सुबह दो अलग अलग स्थानों पर घने कोहरे की वजह से ट्रेन की चपेट में आकर पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तुलसी आश्रम रेलवे स्टेशन के समीप तीन किशोर और सकलडीहा रेलवे स्टेशन के समीप शौच के लिए रेलवे लाइन के किनारे गई मां और बेटा शामिल हैं।
नियामताबाद के रोहड़ा गांव निवासी रामसेवक बिंद (12), सूरज बिंद (17), लक्ष्मन (14), विकास, दीपक, गोपी, प्रमोद और धर्मेन्द्र छित्तमपुर निवासी दरोगा के साथ सकलडीहा के पौरा गांव निवासी राम हरक के यहां शादी समारोह में वेटर का काम करने गए हुए थे। काम खत्म होने के बाद सुबह सभी तुलसी आश्रम स्टेशन ट्रेन पकड़ने के लिए जा रहे थे। वे पीथापुर गांव के समीप रेलवे लाइन के किनारे चल रहे थे। घना कोहरा होने की वजह से वे विभूति एक्सप्रेस को नहीं देख सके और ट्रेन की चपेट में आने से रामसेवक, सूरज और लक्ष्मण की मौत हो गई। इसी तरह सकलडीहा कोतवाली अंतर्गत चतुर्भुजपुर गांव निवासी टेलर मुन्ना अंसारी की पत्नी खुर्शीदा (22) अपने बच्चे सुलेमान (18 माह) के साथ सुबह सात बजे शौच के लिए रेलवे लाइन के किनारे गई थी। इसी समय ट्रेन आ गई। खुर्शीदा ट्रेन को नहीं देख सकी और बच्चे के साथ उसकी भी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।