पीडीडीयू नगर। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत काली महाल से चतुर्भुपुर छिड़े तक सड़क निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही से नाराज क्षेत्रवासियों ने शुक्रवार की शाम प्रदर्शन किया। इस मौके क्षेत्रीय लोगों ने विभाग पर दोयम दर्जे का कार्य कराने का आरोप लगाया।
शहर में लंबे समय से सड़कों के निर्माण का कार्य नहीं हुआ था। लोग उबड़-खाबड़ सड़कों को चलने को मजबूर थे। विशेषकर कालीमहाल से चतुर्भुपुर छिड़े की सड़क की स्थिति काफी खराब थी। कुछ समय पूर्व पीडीडब्ल्यूडी विभाग ओर से सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया कराया तो लोगों में उम्मीद जगी की उन्हें अब जल्द अच्छी सड़क पर चलना नसीब होगा। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण का कार्य जब शुरू हुआ तो उसमें लापरवाही बरती जाने लगी। मार्ग के गड्ढों को दोयम दर्जे की गिट्टियों से भरा जा रहा है। कहा कि खराब गिट्टी भरकर ऊपर से रोड को बनवा दिया जाएगा और कुछ दिनों बाद स्थिति जस की तस हो जाएगी। क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए गुणवत्ता परक मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में चंदू यादव, सानू जायसवाल, प्रभु, रविकुमार, चंदन सिंह, अवधेश पांडेय, डब्लू जायसवाल, संजय , राजेश आदि मौजूद रहे। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि जेई को भेजकर मौके की जांच कराई गइ थी। कार्य को गुणवत्तापूर्ण कराया जाएगा।