पीडीडीयू नगर। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत लखमीपुर सहजौर रोड पर बारिश के बाद खराब हुई स्थिति पर नाराज लोगों ने शुक्रवार को कीचड़ में खड़े होकर प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि जलनिगम की ओर से सड़क खोदकर पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क को जस का तस छोड़ दिया गया। बारिश के बाद के बाद मार्ग पर चलने लायक स्थिति नहीं रह गई है। आये दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे है। बेमौसम हुई बरसात के चलते पीडीडीयू नगर में कई मार्गो की स्थिति काफी खराब हो गई है। मार्गो के खराब होने के कारण वहां कीचड़ और फिसलन से लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। मार्ग मरम्मत को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के रवैये से नाराज होकर लखमीपुर सहजौर रोड के निवासियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि मार्ग के खराब होने की शिकायत कई बार जनप्रतिनिधियों से की गई लेकिन इस ओर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। कहा कि दो माह पूर्व जल निगम के द्वारा पाइप लाइन बिछाने के दौरान सड़क खोदी गई थी। उसके बाद सड़क नहीं बनाई गई। मार्ग के जर्जर होने के कारण पहले ही इस पर चलना का काफी कठिन था। बुधवार और बृहस्पतिवार को हुई बरसात के बाद से स्थिति और अधिक नारकीय हो गई है। इस दौरान सुनील जायसवाल, डॉ. रमेश, गुलाब कन्नौजिया, विक्कू अग्रहरी, मोनू प्रजापति, चन्नू यादव समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।