पीडीडीयू नगर। सुभाष नगर में तालाब की जमीन पर मकान बनाने वाले 10 लोगों को तहसील प्रशासन की ओर से ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया गया है। इससे भवन स्वामियों के हड़कंप मच गया है। प्रशासन का दावा है कि चिह्नांकन का काम पूरा होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुभाष नगर के 10 भवन स्वामियों को पीडीडीयू नगर तहसीलदार की ओर से जारी नोटिस में कहा कि आराजी संख्या 219 रकबा 2.114 हेक्टेयर यानी लगभग आठ बीघा जमीन तालाब के नाम से दर्ज है। इसमें बेदखली की कार्रवाई 27 जून 2024 को पूरी हो चुकी थी। इस साल 26 मई को नोटिस जारी कर 15 जून तक कब्जा हटाकर जमीन खाली करने की मोहलत दी गई थी।
अब विभाग की ओर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया गया है। इससे लोगों के हाथ पांव फूल गए हैं। एसडीएम पीडीडीयू नगर राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि इस मामले में सभी कार्रवाई पूरी हो चुकी है। चिह्नांकन का काम पूरा होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।