उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय-महाविद्यालय शिक्षक महासंघ के आह्वान पर सोमवार को स्थानीय पीजी कॉलेज के शिक्षकों ने 30 सूत्री मांगों के समर्थन में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। प्रदेशव्यापी आंदोलन के प्रथम चरण में दो से चार नवंबर तक तीन दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें अनुदानित और स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के शिक्षकों ने भाग लिया।
शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली, सेवानिवृत्ति आयु 62 से बढ़ाकर 65 वर्ष करने, चिकित्सकीय अवकाश, पारदर्शी स्थानांतरण नीति और प्रोफेसर पदनाम देने की मांग उठाई। इसके अलावा स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों को अनुदानित व्यवस्था में शामिल करने, संबंधित शिक्षकों को यूजीसी वेतनमान देने, एनपीएस की समस्याओं का समाधान करने और सेवानिवृत्त शिक्षकों के जीपीएफ भुगतान की मांग की। परीक्षा पारिश्रमिक और मूल्यांकन यात्रा भत्ते का समय से भुगतान करने की भी मांग की गई। इस दौरान शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रो. दयानिधि सिंह यादव, प्रो. इंद्रदेव सिंह, प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह, प्रो. शमीम राईन, डॉ. राजेश यादव, डॉ. इंद्रजीत सिंह, डॉ. अजय यादव, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. यज्ञनाथ, डॉ. सीता मिश्र, डॉ. जितेंद्र यादव, डॉ. श्यामलाल यादव और डॉ. वंदना आदि मौजूद रहे।