चंदौली। आजाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद पर मथुरा में हुए हमले के खिलाफ नाराजगी जताई। साथ ही प्रभारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर हमलावरों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने सांसद को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन हमलावरों की पहचान करने में असफल रहा है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों पर जल्दी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में नंदन कुमार, अभिषेक चौधरी, अंबिका कुमार, सोहन भारती आदि शामिल रहे।