पीडीडीयू नगर। रेलवे एक जून से सौ जोड़ी यात्री स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इसके पहले 15 जोड़ी एसी स्पेशल यात्री ट्रेनों को चलाया जा रहा है। इसमें बिना सुरक्षा उपकरण के टीटीई ड्यूटी कर रहे हैं जो उनके लिए खतरनाक है। इसको लेकर ईसीआरकेयू के केंद्रीय उपाध्यक्ष डीपी यादव ने सीनियर डीसीएम से टिकट परीक्षकों के लिए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
पत्र के माध्यम से उन्होंने कहा है कहा कि दुनिया कोरोना के कहर से पूरी तरह सहमी हुई है। अभी तक इसकी कोई दवा या वैक्सिन नहीं बनी है। कोरोना के मात देने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग और सुरक्षा उपकरण ही एक मात्र उपाय हैं। एक जून से 200 ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसमें टीटीई की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। ऐसे में इनको एन 95 मास्क, हैंड ग्लब्स, सैनिटाइजर, फेस गार्ड और पीपीई किट उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। पीडीडीयू नगर, गोमो, हावड़ा, जमालपुर, कटिहार, बरौनी, पटना व दानापुर में बने टीटीई रेस्ट रूम को प्रत्येक शिफ्ट में सैनिटाइज कराया जाए। साथ ही सभी रेस्ट रुम में खाना बनाने के लिए कुक की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा 50 वर्ष से अधिक उम्र वाले टीटीई की ट्रेनों में ड्यूटी न लगाई जाए। उन्होंने ड्यूटी से वापस आने पर टीटीई के स्वास्थ्य जांच करने और कोरोना काल तक टीटीई के कोर्ट पहनने की बाध्यता समाप्त करने की मांग भी की। पत्र की प्रतिलिपि सीसीएम हाजीपुर, डीआरएम डीडीयू को भी दी गई है। पत्र में ईसीआरकेयू शाखा एक के सचिव श्रीराम सिंह, अध्यक्ष मनदीप कुमार ने भी हस्ताक्षर किए हैं।