चंदौली। सपा कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रमुख बाबुलाल यादव के नेतृत्व में सीएमओ डा.आरके मिश्रा से मिला। सपाइयों ने पांच सूत्रीय मांगों से सीएमओ से अवगत कराया। कहा कि बबुरी में निर्माणाधीन 100 बेड का अस्पताल को मुकम्मल कर उसे जनहित में शुरू किए जाने की आवश्यकता जताई, ताकि क्षेत्रीय लोगों को बेहतर चिकित्सकीय सेवाएं प्रदत्त हो सके।
इस दौरान बाबूलाल यादव ने कहा कि बबुरी में 100 बेड का अस्पताल के निर्माणाधीन चल रहा है, जिसका निर्माण लम्बे समय से बंद है। वहीं नियामताबाद ब्लॉक के अंतर्गत गांव में बन रहे अस्पताल का निर्माण कार्य ठप चल रहा है। जनहित में उक्त दोनों अस्पतालों के निर्माण में पहले ही काफी विलम्ब हो चुका है, जिसे तत्काल पूरा किया जाए।जिला महासचिव नफीस अहमद ने कहा कि जनपद चंदौली में एंटी रेबीज का इंजेक्शन नहीं हैं जिसको लेकर मरीज हलकान हैं जिसे जनपद के सभी ब्लाक पर उपलब्ध कराया जाय। गरीब के पास पैसा नही हैं वो सरकारी अस्पताल का सहारा लेता है, लेकिन सरकारी अस्पतालों में भी दवाएं उपलब्ध नही हैं जिससे गरीब वर्ग के लोग महंगी दवाइया खरीदने को मजबूर रहता हैं। सयुस जिला महासचिव दिलीप पासवान ने कहा कि जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी। इस दौरान अशोक त्रिपाठी छोटू, औसाफ अहमद गुड्डू, महेंद्र पासवान, राजकुमार जायसवाल, सुदामा यादव, ज्याउद्दीन अंसारी मौजूद रहे।