संयुक्त किसान संघर्ष समिति के खेती बचाओ-लोकतंत्र बचाओ आंदोलन के तहत कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पीडीडीयू नगर तहसील पर विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित नौ सूत्री मांगपत्र को एसडीएम को सौंपा। कृषि कानून को समाप्त करने और एमएसपी पर ठोस कानून बनाने की मांग की।
कार्यक्रम में जनवादी नौजवान सभा के प्रदेश अध्यक्ष गुलाबचंद ने कहा कि तीनों कृषि कानून को समाप्त करने व एमएसपी पर ठोस कानून बनाने तक किसानों की लड़ाई जारी रहेगी। कहा कि आज बेरोजगारी सिर्फ नौजवानों की नहीं बल्कि पूरे देशवासियों की है। धरने में तीनों कृषि कानून को समाप्त करने, आयकर के दायरे से बाहर सभी परिवारों को साढ़े सात हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाने, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य पदार्थो की वृद्धि पर रोक लगाने, उत्तर प्रदेश बिजली कानून 2020 वापस लिए जाने के लिए जनसंघर्ष को मजबूत का आह्वान किया गया। इस मौके पर जोखू बिंद, जलेन्धर, बुधिराम, रामदुलार, कन्हैया यादव, विजयी मौर्य, श्यामप्यारी देवी मौजूद रहे।