पीडीडीयू नगर। रंगों के त्योहार होली के लिए बाजार सज गए हैं। रंग-गुलाल और पिचकारियों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। इस बार साउंड वाली पिचकारी के साथ आकर्षक मुखौटे, रेशमी बाल और प्रधानमंत्री मोदी के पोस्टर वाली पिचकारियां लोगों को खूब भा रही हैं। त्रिशूल और गदा के आकार की पिचकारियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बाजार में पिछले वर्ष की तुलना में पिचकारियों की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, लेकिन इसका असर खरीदारी पर नजर नहीं आ रहा है।
विज्ञापन
चार मार्च को होली मनाई जाएगी। 24 फरवरी से होलाष्टक की शुरुआत हो चुकी है। बाजार में भी त्योहार का असर साफ दिख रहा है। नगर के सुभाष पार्क के पास छह दुकानें सजी हैं, वहीं जीटी रोड पर 20 से अधिक अस्थायी दुकानें लगाई गई हैं। इसके अलावा परचून की दुकानों पर रंग, पिचकारी और अबीर-गुलाल की बड़ी खेप मंगाई गई है।
सुभाष पार्क के पास लगी दुकानों पर खरीदारों की सबसे ज्यादा भीड़ देखी जा रही है। यहां साउंड वाली और टैंक वाली पिचकारियों की मांग अधिक है। इको-फ्रेंडली गुलाल की भी खूब बिक्री हो रही है। खासकर केवड़ा और चंदन की खुशबू वाला अबीर लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। बाजार में शेर, बाघ, राक्षस और कार्टून कैरेक्टर वाले मुखौटे भी खूब बिक रहे हैं।
विज्ञापन
सामान बेच रहे राजेश कुमार ने बताया कि पारंपरिक भुट्टा पिचकारी 10 रुपये में मिल रही हैं, जबकि प्रेशर पिचकारियां 100 से 500 रुपये तक हैं। सिलिंडर पिचकारी और साउंड युक्त पिचकारियों की कीमत 300 से 600 रुपये के बीच है। रविवार को कपड़े की दुकानों और मॉल में खरीदारों की भीड़ रही। मॉल में दिए जा रहे विशेष ऑफर का भी लोगों ने खूब लाभ उठाया।