कंदवा। क्षेत्र के तेल्हरा गांव में शुक्रवार की सुबह कुत्तों ने हिरन के बच्चे पर हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। ग्रामीणों ने लाठी डंडे से कुत्तों के झुंड को भगाकर हिरन के बच्चे की जान बचाई। समाजसेवी विजय शंकर सिंह ने वन विभाग को सूचना दिया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम हिरन को इलाज के लिए सैयदराजा पशु अस्पताल पहुंचाया।
नरवन के कर्मनाशा नदी के तलहटी में हिरनों का झुंड अठखेलियां करते नजर आते रहते हैं। शुक्रवार की सुबह भटकते हुए हिरन का बच्चा गांव के पास आ गया। गांव में आवारा कुत्तों की झुंड ने हिरन के बच्चे पर हमला कर दिया। इससे हिरन का बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। ग्रामीणों ने लाठी डंडे से कुत्तों के झुंड को भगाया। समाजसेवी विजय शंकर सिंह ने घायल हिरन के बच्चे को अपने यहां लाकर इसकी सूचना वन विभाग को दिया। सूचना पर सुनील सिंह व मनोज श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तेल्हरा पहुंची और घायल हिरन के बच्चे को इलाज के लिए सैयदराजा पशु अस्पताल पहुंचाया। यहां हिरन के बच्चे का उपचार चल रहा है।