शिकारगंज। चकिया कोतवाली अंतर्गत शिकारगंज ग्राम पंचायत में धान के खेत में मंगलवार की दोपहर में बिजली गिरने से नर्सरी की देख भाल कर रहे युवक महेश राम (24) की मौत हो गई। बिजली गिरने से बकरी चरा रहे दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। लोगों ने घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया।
जिले में बारिश न होने से किसान परेशान हैं। वह किसी तरह फसलों को बचाने की जुगत में जुटे हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को बारिश की संभावना जताई थी। शिकारगंज ग्राम पंचायत निवासी महेशराम (24) पुत्र गणेश शिकारगंज ताल में स्थित खेत में धान की नर्सरी की रखवाली के लिए गया था। दोपहर में लगभग बारह बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई और बादल गरजने चमकने लगे। महेश बारिश से बचने के लिए जगह की तलाश कर रहा था, इसी बीच बिजली गिरी और महेश उसकी चपेट में आ गया। इसे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं समीप में ही सिवान में बकरी चरा रहे विसौरा निवासी शमसुद्दीन (50) और बोदलपुर निवासी रामजी (65) भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने झुलसे बुजुर्गों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सूचना पाकर एसडीएम ज्वाला प्रसाद और तहसीलदार विकासधर दुबे मौके पर पहुंचे और वस्तु स्थिति का जायजा लिया। बाद में मृत युवक के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया और युवक के परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया। दूसरी तरफ युवक की मौत से परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है। महेश तीन भाईयों में सबसे छोटा था। महेश की एक वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि डॉ. कुंदन गोड, ग्राम प्रधानराम लाल यादव रहे।
रिपोर्ट - विजय विश्वकर्मा
संपादन- कृष्ण मुरारी मिश्र