सदर कोतवाली क्षेत्र के माधोपुर स्थित नवीन मंडी के समीप नेशनल हाइवे पर शनिवार की दोपहर एक तेज रफ्तार टेलर ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को साइड से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक के अलावा चार मजदूर घायल हो गए। इनमें से एक मजदूर ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई। उधर, हादसे के बाद हाईवे पर हल्का जाम भी लग गया। प्रयास के बाद जाम हटाए जाने पर यातायात बहाल हो सका।
जानकारी के अनुसार, सैयदराजा थाना क्षेत्र के रमऊपुर निवासी महेंद्र मौर्या अपनी ट्रैक्टर-ट्राली पर मिट्टी लादकर मजदूरों संग चन्दौली आया हुआ था। मिट्टी गिराने के बाद वह मजदूरों को लेकर गांव लौट रहा था। इसी बीच माधोपुर स्थित नवीन मंडी के समीप हाइवे पर आगे चल रहे टेलर ने ट्रैक्टर को साइड से टक्कर मार दिया, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ट्राली समेत हाइवे पर पलट गया।
इस दुर्घटना ट्राली पर सवार सुरेश राजभर (36), दशमी राजभर (50), रविकुमार (30), रम्मन पासवान (50) के अलावा चालक महेंद्र मौर्या (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने ट्राली के अंदर दबे घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने रवि कुमार को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पहुंचे ग्रामीण व परिजनों की जिला अस्पताल में भारी भीड़ लग गई। मृतक के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था। चालक महेंद्र मौर्या को छोड़ सभी मजदूर दुधारी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं हाइवे की एक पटरी पर लगे जाम को भी समाप्त कराया।