चकिया। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के विजयपुरवा गांव स्थित कुएं में बृहस्पतिवार की देर रात 20 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे कोतवाल नागेन्द्र प्रताप सिंह ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। बाद में शव की शिनाख्त क्षेत्र के भीषमपुर गांव निवासी राजेश यादव की पुत्री गुड़िया यादव के रूप में हुई जो कि मानसिक रोग से पीड़ित थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
भीषमपुर गांव निवासी राजेश यादव की पुत्री गुड़िया यादव 20 मानसिक रोग पीड़ित थी। जिसका इलाज लगभग दस वर्षों से परिजनों द्वारा किया जा रहा था। वाराणसी के बाद शहाबगंज में मानसिक रोग चिकित्सक के यहां उपचार कराया जा रहा था। बृहस्पतिवार को गुड़िया किसी प्रकार विजयपुरवा गांव के कुएं पर पहुंच गई। और इस दौरान वह कुएं में गिर गई । कुछ देर बाद जब लोगों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद कोतवाल नागेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। शुक्रवार को परिवार वालों ने युवती का अंतिम संस्कार रामनगर स्थित गंगा घाट पर किया।