चकिया। कोतवाली क्षेत्र के लतीफशाह बीयर की टंकी में डूबकर मंगलवार को वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र के पितरकुंडा निवासी सलमान (22) की मौत हो गई। युवक की मौत से घबराए उसके साथी चकिया पुलिस को सूचना दिए बिना मृतक के शव को लेकर घर चले गए।
वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र के पितरकुंडा का निवासी जलाल का पुत्र सलमान अपने साथियों के साथ लतीफशाह बीयर घूमने आया था। घूमने के दौरान वह अपने साथियों के साथ बीयर के नीचे बनी टंकी (कुंड) में नहा रहा था। उसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण वह टंकी में डूब गया। टंकी में डूबने से सलमान की मौके पर ही मौत हो गई। सलमान की मौत होने पर घबराए उसके साथियों ने शव को पानी से निकाला तथा उसे लेकर बिना पुलिस को सूचित किये वाराणसी चले गए। इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि घटना के बारे में मृतक के परिजनो द्वारा कोई सूचना पुलिस को नही दी गयी है।