पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना के ककरही कला गांव के युवक का शव मिर्जापुर जिले के सक्तेशगढ़ आश्रम के समीप मिला। वह तीन दिन पहले घर से बाइक से निकला था। ककरही कला निवासी राजेश चौहान (42) तीन दिन पहले मोटरसाइकिल से कहीं गया था। वह नहीं लौटा तो परिजन ने रिश्तेदारी और दूसरी संभव जगहों पर उसके बारे में जानकारी हासिल की। मगर उसका पता नहीं चला। घर वालों को मंगलवार को पुलिस से सूचना मिली कि राजेश चौहान का शव सक्तेशगढ़ आश्रम के समीप मिला है।
चुनार पुलिस के अनुसार राजेश चौहान सोमवार की रात सक्तेशगढ़ आश्रम पहुंचा था और अपनी बाइक खड़ी कर वहीं सो गया। सुबह देर होने पर लोगों ने उसे जगाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसकी जेब में मिली डायरी में लिखे नंबरों पर पूछताछ की तो उसकी पहचान हुई। उसके बाद उसके परिवार वालों को सूचना दी गई।
परिवार के लोगों को पहुंचने के बदा चुनार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। पति के मौत की खबर सुनने के बाद से पत्नी सुनीता बेसुध है। उसके तीन बच्चे अर्जुन (10), बबली (8) और साजल (5) हैं।