धानापुर। थाना क्षेत्र के मनीपट्टी गांव स्थित अपने घर से तीन दिन पहले लापता युवती का शव बुधवार को गांव के कुएं में मिला। परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही।
गांव निवासी महानंद यादव की पुत्री पूनम (22) तीन दिन पूर्व रविवार को घर से गायब हो गई थी। परिजनों ने युवती की काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला तो युवती के भाई ने स्थानीय थाने में सोमवार को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार की सुबह कुएं में एक उतराया शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पहचान कराई तो परिजनों ने उसकी शिनाख्त पूनम यादव के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार पूनम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। संवाद