जिउतिया पर रविवार की शाम चंदौली जिले के कंदवा क्षेत्र के चारी गांव में मां के साथ कर्मनाशा नदी में स्नान कर रहे बालक और किशोर डूब गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व ग्रामीण गोताखोर देर रात तक खोजबीन करते रहे, लेकिन पता नहीं चल सका। सुबह करीब एक किमी दूर बालक का शव मिला। जबकि साथ में डूबे किशोर के शव की तलाश गोताखोर कर रहे हैं। पुलिस शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
ये है पूरा मामला
कारी गांव निवासी कालिका यादव का पुत्र हिमांशु (09) और पिंटू यादव का पुत्र पीयूष (14 ) जीवित्पुत्रिका व्रत पर अपनी मां के साथ गांव के दक्षिण स्थित नदी किनारे पहुंचे थे। कपड़े उतारकर दोनों बच्चे स्नान करने नदी में उतरे, लेकिन गहरे पानी में चले गए।
भीड़-भाड़ में किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। घाट पर पड़े कपड़े देख लोगों को अनहोनी का आभास हुआ। जब तक ग्रामीण मदद के लिए दौड़े, दोनों बच्चे लापता हो चुके थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष और सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने गोताखोरों की टीम के साथ तलाश शुरू कराई, लेकिन देर रात तक पता नहीं चल सका। सुबह एक का शव मिला। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि एक का शव मिला है। दूसरे की तलाश की जा रही है।