धानापुर। थाना क्षेत्र के कवई पहाडपुर गांव में मंगलवार की सुबह घर के समीप पेड़ के फंदे से युवक का लटकता हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। युवक की मौत को लेकर गांव में कई तरह की चर्चा व्याप्त है।
बुद्धपुर गांव निवासी अभिषेक यादव (25) बचपन से कवई पहाड़पुर में अपने मौसा पारस यादव के यहां रहकर खेती-बाड़ी में हाथ बटाता था। मंगलवार की सुबह पेड़ से लटकता उसका शव देख ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर मृतक के मौसा व अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों की सहायता से पुलिस ने शव को पेड़ से उतारवाया और कार्यवाही में जुट गई। गांव के लोगों ने युवक की हत्या कर शव को लटकाए जाने की भी आशंका जताई है। ग्रामीणों का कहना था कि शव की जबान बाहर नहीं निकली थी और उसके पांव भी जमीन को छू रहे थे। वहीं कुछ ग्रामीण इसे प्रेम प्रपंच का मामला बता रहे थे। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।