अक्टूबर का महीना आगे बढ़ने के साथ ही जिले के मौसम में बदलाव दिखने लगा है। दिन और रात के तापमान में गिरावट से ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। खासकर रात और भोर के समय ठंडक महसूस हो रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सोमवार के 31 डिग्री के मुकाबले एक डिग्री गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 23 से एक डिग्री कम होकर 22 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, मौसम विभाग ने 16 को हल्की बारिश की संभावना जताई है।
दिन में धूप निकलने से गर्मी का एहसास हो रहा है, लेकिन शाम ढलने के बाद मौसम ठंडा होने लगता है। रात 10 बजे के बाद ठंड का असर बढ़ जाता है, जो भोर तक बना रहता है। सुबह बाहर निकलने वाले लोगों को भी ठंड महसूस होने लगी है। मौसम में बदलाव के साथ रात और सुबह हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ने लगी है।
मंगलवार सुबह से दोपहर तक आसमान में बादल आते-जाते रहे। बाद में बादल छंट गए और धूप निकल आई, जिससे गर्मी का एहसास हुआ। शाम होते ही मौसम में ठंडक बढ़ने लगी। राज्य कृषि एवं मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 15 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 16 अक्टूबर को हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम फिर शुष्क हो जाएगा।
इनसेट:
पिछले एक हफ्ते का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
दिनांक दिन का तापमान रात का तापमान
सात अक्टूबर 31 23
आठ अक्टूबर 31 23
नौ अक्टूबर 30 22
दस अक्टूबर 30 22
11 अक्टूबर 30 21
12 अक्टूबर 31 23
13 अक्टूबर 30 22