मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से माध्यमिक स्तर पर विद्यार्थियों के कला प्रतिभा को पहचानने और शिक्षा के क्षेत्र में कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पालिका इंटर कालेज के प्रेक्षागृह में आयोजित कला उत्सव में छात्राओं ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोहा।
प्रतियोगिता में नौवीं से बारहवीं की छात्राओं ने संगीत, नृत्य, नाटक आदि के माध्यम से कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लालबहादुर शास्त्री बालिका इंटर कालेज और राजकीय बालिका इंटर कालेज दिघवट की छात्राओं का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। बताया गया कि विजयी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका मिलेगा। इसमें विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा और राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराया जाएगा। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. मधुपर्णा मुखर्जी, पूनम सिंह, डॉ. कृष्ण मुरारी सिंह, नितिका वर्मा, डॉ. महेन्द्र कुमार पांडेय, रामानंद सिंह, फिरोज खां आदि मौजूूद रहे।