नौगढ़। जयमोंहनी रेंज परिसर में विनियमितीकरण समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने शुक्रवार को धरना प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जिला संरक्षक रमाशंकर यादव ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। संगठन के जिलाध्यक्ष भोरिक यादव ने कहा कि डीएफओ ने कमेटी बनाकर कर्मचारियों की मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है। यदि 29 जून तक हमारी मांगे पूरी नहीं होतीं तो एक जुलाई से धरना शुरू किया जाएगा। इस दौरान डीएफओ ने कहा कि दैनिक वेतन भोगी कर्मियों का शोषण नहीं होने देंगे। उन्होंने दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ की प्रमुख मांगों विनियमितीकरण, वरिष्ठता सूची, कैश बुक आइटम संख्या और सात साल एक ही स्थान पर तैनात वनरक्षकों को हटाने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर राम रतन चौहान, मुरारी मौर्य, अफरोज खान, अमरजीत अग्रहरि, महेंद्र यादव, असलम, मुंशी यादव, कांता यादव आदि मौजूद रहे।