पीडीडीयू नगर। मौसम बदलने से तापमान में कमी आई है लेकिन उमस और गर्मी से राहत नहीं मिली। शुक्रवार को दिनभर बादलों की आवाजाही तो होती रही। इससे अधिकतम तापमान तीन डिग्री लुढ़ककर 42 की जगह 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिरकर 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान के 30 डिग्री से ऊपर बने रहने के कारण लोगों को उमस से छुटकारा नहीं मिल रहा है। वहीं कभी-कभी बादलों के छंटने से तीखी धूप निकलने के कारण बाहर निकलना मुश्किल बना हुआ है। शुक्रवार को कई बार घने बादलों के छाने से बारिश की संभावना बनी लेकिन पानी की एक बूंद भी नहीं गिरी। इससे उमसभरी गर्मी का असर बना रहा। पसीने से लोग तरबतर होते रहे। नगर में जीटी रोड के किनारे लगे गन्ने के जूस, कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम व अन्य शीतल पेय पदार्थों के ठेलों पर लोगों की भीड़ रही। नीबू-पानी की सबसे ज्यादा डिमांड रही। दोपहर में आवागमन करने वालों में अधिकांश लोग सिर व मुंह को टोपी व गमझे से ढंके हुए थे। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की खासी भीड़ रही। राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 23 जून तक बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। वहीं 24 जून को जिले में अच्छी बारिश होने की संभावना है।