कमालपुर। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के ढोढियां गांव के समीप बृहस्पतिवार की शाम सड़क पार कर रहे साइकिल सवार अधेड़ को तेज गति से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। इससे साइकिल सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीण उसे निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सक ने घायल को सकलडीहा सीएचसी रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस बाइक सवारों को पकड़कर कार्रवाई में जुट गई है। साथ ही अधेड़ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ढोढि़या निवासी साइकिल सवार मजदूर श्रीनाथ राम (55) सड़क पार कर रहे थे। उसी दौरान चंदौली निवासी रमाशंकर (30) अपने मौसेरे भाई अजय (23) के साथ बाइक से धीना थाना क्षेत्र के नूरी गांव जा रहा था। अचानक ढोढिया गांव के समीप तेज गति से जा रही बाइक ने साइकिल सवार श्रीनाथ को जोरदार टक्कर मार दी। इससे साइकिल सवार के सीने में गंभीर चोट लगने से खून की उल्टी शुरू हो गई। ग्रामीण तत्काल उसे अस्पताल ले गए। यहां डाक्टर ने घायल को मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत से परिजनों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं बाइक सवारों को ग्रामीणों ने पकड़ कर सकलडीहा पुलिस को सुपुर्द कर दिया। मृतक को चार पुत्र और चार पुत्रियां हैं। पुत्र भी मजदूरी करते हैं। वृद्ध की मौत से पत्नी तारा देवी, भाई भोला राम, और पुत्र-पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।